तापश शर्मा/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (निमधा):
जिले के ग्राम पंचायत निमधा स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जिला पंचायत सदस्य राजेशनंदनी आर्मो के पेट्रोल पंप परिसर के अंदर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने आधी रात को डीजल चोरी कर लिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र के वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों में भारी चिंता और आक्रोश का माहौल है।
रात 12:30 बजे दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात लगभग 12:00 से 12:30 बजे के बीच की है। अज्ञात चोरों ने बिना किसी खौफ के पेट्रोल पंप परिसर में धावा बोला और वहां खड़े 10 चक्का ट्रक, स्कूल बसों और स्कूल वैन के टैंक से बड़े आराम से डीजल चोरी किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी चोर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
पेट्रोल पंप जैसे व्यावसायिक और सार्वजनिक रूप से संवेदनशील स्थान पर इस तरह की चोरी होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पेट्रोल पंप परिसर में खड़े वाहनों को चोर सुरक्षित नहीं छोड़ रहे हैं, तो आम नागरिकों और उनके घरों के बाहर खड़े वाहनों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों में नाराजगी
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वार घटनाओं से ग्रामीणों और वाहन मालिकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले:
क्षेत्र में रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की जल्द पहचान की जाए।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर चोरी के इस तंत्र पर अंकुश लगाया जाए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रार्थी द्वारा स्थानीय सिवनी चौकी में इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए अज्ञात चोरों की तलाश और मामले की अग्रिम विवेचना शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन कब तक इन बुलंद हौसले वाले चोरों को सलाखों के पीछे पहुँचा पाता है।







