Home मुख्य ख़बरें दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, 2 की...

दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, 2 की मौत; मलबे में 15 लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी

1
0

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग गिर गई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, जो बिल्डिंग गिरी, वह तीन मंजिला है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है।

अब तक इस घटना में 2 लोगों की मौत की खबर सामने आई है और एक शख्स घायल है। राहत एवं बचाव का काम जारी है। संकरी गली होने की वजह से राहत बचाव का काम पूरा होने में काफी समय लग सकता है।

इलाके की पार्षद राफिया माहिर ने आरोप लगाया है कि हमने बार-बार स्टैंडिंग कमेटी की मीटिंग और सदन में इस मुद्दे को उठाया है कि हमारे इलाके में इलीगल कंस्ट्रक्शन होता है इस पर रोक लगाई जानी चाहिए लेकिन न मेयर और ना ही स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष ने कभी इस तरफ ध्यान दिया और आज हादसा हो गया और लोग मर गए।

कम से कम छह दमकल गाड़ियां, जिनमें पानी के टैंकर और बचाव वाहन शामिल हैं, मौके पर भेजी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

DFS के एक अधिकारी ने कहा, “कम से कम 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। कई लोग घायल हुए हैं। हमें सुबह 9:50 बजे सूचना मिली थी। बचाव अभियान में NDMC, दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) और MCD की टीमें शामिल हैं।”

एक प्रत्यक्षदर्शी, मो. नईम ने बताया, “यह घटना करीब 9:00 या 9:30 बजे हुई। हम सो रहे थे, तभी हमें कुछ गिरने की ज़ोरदार आवाज सुनाई दी। हम सब उठे और तुरंत बाहर भागे। हमें लगा कि हमारा अपना घर ही गिर रहा है। जब हमने देखा, तो पता चला कि बगल में बन रहा घर गिर गया है। वहां तीन-चार लिंटेल (छत के हिस्से) डाले जा चुके थे, जो एक साथ गिर गए। घायल मज़दूरों में से एक ने बताया कि वहां तीन-चार लोग मौजूद थे। हमने एक शव को बाहर निकाले जाते देखा। यह इमारत पिछले 3-4 महीनों से बन रही थी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here