Home चर्चा में एसपी भावना पांडेय ने किया भखारा थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों...

एसपी भावना पांडेय ने किया भखारा थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

10
0

खिलेश साहू/धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने 18 नवंबर को थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, पुलिस अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी भावना पांडेय ने विकसित भारत विजन-2047 के लक्ष्यों के अनुरूप ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पुलिसिंग को आधुनिक, पारदर्शी, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का विश्वास जीतना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

परेड और पुलिसकर्मियों की वेशभूषा का किया निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट एवं परेड के निरीक्षण से हुई। उत्कृष्ट परेड और बेहतर वेशभूषा का प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों की एसपी ने सराहना की तथा उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित शारीरिक व्यायाम और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की भी सलाह दी।

इसके बाद थाना भवन, परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, पुरुष एवं महिला बंदीगृह तथा जब्त सामग्री के रखरखाव का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए गए।

लंबित मामलों के जल्द निराकरण पर जोर

एसपी ने थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू से थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध नियंत्रण और लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग सहित अन्य प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी विवेचकों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने पर भी विशेष जोर दिया।

अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने और अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने को कहा गया।

महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान एसपी ने रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, गुम इंसान रजिस्टर एवं निरीक्षण पुस्तिका सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। अभिलेखों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और केस डायरी नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसपी भावना पांडेय ने स्पष्ट किया कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी और आम नागरिक की शिकायत को सम्मान एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उनकी समस्याओं पर बिना अनावश्यक देरी के उचित कार्रवाई की जाए, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

हथियारों के नियमित अभ्यास और पुलिस अनुशासन पर निर्देश

शासकीय शस्त्रागार एवं हथियारों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को हथियारों को खोलने-जोड़ने और सुरक्षित संचालन का नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रत्येक माह दो दिवस अनिवार्य रूप से हथियार अभ्यास आयोजित करने को कहा गया।

निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना स्टाफ का दरबार लेकर अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी भखारा निरीक्षक अरुण साहू सहित थाने के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here