हर रोज़ एक कहानी लिखता हूँ और मिटाता हूँ,
डरता हूँ, किसी के दिल को तो नहीं दुखाता हूँ।
मन में उठते भावों को काग़ज़ पर लाता हूँ,
फिर हर एक लफ़्ज़ को कई बार आज़माता हूँ।
सच कहने की ख़्वाहिश तो रहती है हर पल,
मगर सच के नाम पर किसी को नहीं रुलाता हूँ।
मेरे लफ़्ज़ किसी के ज़ख़्म न कुरेद दें,
इसीलिए कई बार ख़ामोश हो जाता हूँ।
जो बात किसी को सँवार सके, वही लिखता हूँ,
जो दिल तोड़ दे, उसे लिखकर फिर मिटाता हूँ।
किसी की कमज़ोरी को तमाशा नहीं बनाता,
किसी के दर्द को अपनी शोहरत नहीं बनाता हूँ।
कलम मिली है तो फ़र्ज़ भी निभाना होगा,
हर शब्द को इंसानियत से सजाना होगा।
कहानी मेरी हो, मगर दर्द किसी का न हो,
मेरे लफ़्ज़ों से किसी का दिल ख़फ़ा न हो।
यही कोशिश है मेरी, यही मेरा फ़साना है,
लिखना भी है मुझे, मगर किसी को नहीं दुखाना है।
✍️: राजकुमार सोनी, नया रायपुर







