सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने पर दिया जोर, मंडल अध्यक्षों को वितरित की गई मतदाता सूची
अम्बिकापुर।
भाजपा सरगुजा द्वारा कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं भाजपा ज़िलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के आतिथ्य में लखनपुर में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्मेलन में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान सभी मंडल अध्यक्षों को मतदाता सूची वितरित कर अपने-अपने क्षेत्रों में सत्यापन एवं आवश्यक कार्यों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का अवसर मिलना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में जुटें।
बीएलए-1 निलेश सिंह ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों एवं बीएलए की भूमिका की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मन की बात जिला संयोजक जन्मेजय मिश्रा ने संगठनात्मक समन्वय और जनजागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी मंडल अध्यक्षों ने भी अपने विचार रखे। सम्मेलन के दौरान सभी मंडल अध्यक्षों को मतदाता सूची वितरित की गई, ताकि वे अपने क्षेत्रों में सूची का सत्यापन एवं आवश्यक कार्य प्रभावी ढंग से संपन्न करा सकें।
मंच संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया तथा लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कमलभान सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अम्बिकेश केशरी, मधुसूदन शुक्ला, चन्द्रिका प्रसाद यादव, निश्चल प्रताप सिंह, अनिल जायसवाल सहित मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







