बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
167 अंकों के साथ जगदलपुर बना ओवरऑल चैंपियन
जगदलपुर, 24 नवंबर 2026/ स्थानीय कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह मंगलवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम ने की, जबकि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलसचिव डॉ कपिल देव दीपक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कुरूद के अधिष्ठाता डॉ नवनीत राणा और उद्यानिकी महाविद्यालय सोनारपाल के अधिष्ठाता डॉ इशू साहू मंच पर उपस्थित रहे।
इस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री महेश कश्यप ने अपने खेल जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके जीवन की शुरुआत एक कबड्डी खिलाड़ी के रूप में हुई थी, जिसने उन्हें धीरे-धीरे ग्रामीण, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दिलाई। इसी जुड़ाव के चलते वे बालक वर्ग के कबड्डी फाइनल मुकाबले के साक्षी बने, जहाँ नारायणपुर और जगदलपुर की टीमों के बीच हुए रोमांचक संघर्ष ने उनकी पुरानी यादों को जीवंत कर दिया। सांसद श्री कश्यप ने कहा कि विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलोगे तो खिलोगे’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी योजनाओं ने जीवन में खेल के महत्व को स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक और डिजिटल युग में मानसिक अवसाद एक बड़ी समस्या बनकर उभर रहा है, जिसका समाधान नियमित खेलकूद से ही संभव है। उन्होंने युवाओं को भ्रमित करने वाले आंदोलनों से दूर रहने और स्वविवेक से निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया तथा ‘स्वदेशे पूज्यते राजा, विद्वान् सर्वत्र पूज्यते’ की भावना के साथ सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अतिविशिष्ट अतिथि कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के अतिरिक्त खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
कुम्हारावण्ड कृषि महाविद्यालय परिसर में विगत तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में मेजबान कृषि महाविद्यालय जगदलपुर की टीम का दबदबा देखने को मिला। जगदलपुर की टीम ने बालक वर्ग खो-खो, कबड्डी, टेबल टेनिस और रिले रेस में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं बालक वर्ग वॉलीबॉल में उपविजेता रही तथा बालिका वर्ग वॉलीबॉल के फाइनल में भी दमदार प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में 167 अंक अर्जित कर कृषि महाविद्यालय जगदलपुर ने ओवरऑल विनर्स ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि कृषि महाविद्यालय नारायणपुर ओवरऑल रनर-अप रहा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए बालक वर्ग में कृषि महाविद्यालय कुरूद के मिथुन को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ साउथ जोन’ चुना गया, वहीं बालिका वर्ग में दीपशिखा दीवान ने लगातार दूसरे वर्ष ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ साउथ जोन’ का अवॉर्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेताओं एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया तथा अंत में डॉ आरआर कंवर ने आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।







