Home चर्चा में स्वामी आत्मानंद विद्यालय चांदो में शुल्क वसूली पर उठे सवाल, 16 मदों...

स्वामी आत्मानंद विद्यालय चांदो में शुल्क वसूली पर उठे सवाल, 16 मदों में राशि निर्धारित करने का मामला आया सामने

4
0

-टाई-बेल्ट के नाम पर भी विद्यार्थियों से ली गई राशि, अब तक सामग्री नहीं मिलने का आरोप; शिक्षा विभाग से जांच की मांग

युसूफ खान/कुसमी। विकासखंड कुसमी के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय चांदो में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए निर्धारित शुल्क को लेकर विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से तैयार शुल्क सूची में कुल 16 मदों का उल्लेख किया गया है। विद्यार्थियों से शुल्क की वसूली किए जाने के बाद अब शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया और विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में स्थानीय शुल्क की सात मदों में वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें गतिविधि शुल्क, निर्धन छात्र सहायता निधि, विज्ञान क्लब निधि, बालचर निधि, रेडक्रॉस निधि, क्रीड़ा निधि एवं विज्ञान प्रायोगिक शुल्क शामिल हैं।

लेकिन चांदो स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय की हस्तलिखित शुल्क सूची में इन सात मदों के अलावा परीक्षा शुल्क, प्रवेश आवेदन शुल्क, शाला विकास निधि, वार्षिक उत्सव सहित अन्य मदों को भी शामिल किया गया है। इस तरह कुल 16 मदों में अलग-अलग कक्षाओं के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि शासन द्वारा स्वीकृत मदों के अतिरिक्त अन्य शुल्क किस नियम और किस सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से निर्धारित किए गए हैं।

टाई-बेल्ट के नाम पर राशि वसूली, सामग्री का इंतजार

मामले में टाई और बेल्ट को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय में प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों से टाई-बेल्ट के नाम पर राशि जमा कराई गई, लेकिन अब तक विद्यार्थियों को संबंधित सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में अभिभावक जानना चाहते हैं कि वसूली गई राशि का उपयोग कहां किया गया और विद्यार्थियों को टाई-बेल्ट कब तक उपलब्ध कराए जाएंगे।

अतिरिक्त शुल्क निर्धारण पर पारदर्शिता की मांग

सबसे अहम सवाल यह है कि शासन के आदेश में उल्लेखित सात मदों के अतिरिक्त शुल्क सूची में शामिल अन्य मदों को निर्धारित करने का आधार क्या है? क्या इसके लिए विभागीय अनुमति अथवा सक्षम समिति की स्वीकृति ली गई है? यदि स्वीकृति प्राप्त है तो संबंधित आदेश और शुल्क निर्धारण का आधार अभिभावकों के सामने सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।

शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग

विद्यार्थियों से शुल्क वसूली किए जाने की जानकारी के बाद अब जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठ रही है। जांच में विद्यालय की संपूर्ण शुल्क सूची, शासन के आदेश, शुल्क वसूली की रसीदें, टाई-बेल्ट के नाम पर ली गई राशि तथा सामग्री वितरण की स्थिति को शामिल किया जाना चाहिए।

फिलहाल इस पूरे मामले में विद्यालय प्रबंधन की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अतिरिक्त शुल्क निर्धारण सहित टाई-बेल्ट वितरण में देरी को लेकर क्या कार्रवाई करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here