-तड़ीपार की कार्रवाई के दावों के बीच रात के अंधेरे में कैसे निकल रहे लाखों के कबाड़ से लदे वाहन? हादसे ने खोली निगरानी व्यवस्था की पोल, अब मुखबिरों और कारोबारियों की भूमिका पर उठ रहे सवाल।
कोरबा। शहर में अवैध कबाड़ के कारोबार को लेकर एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रात के अंधेरे में 20 हजार 860 किलो कबाड़ लेकर गुजर रहा एक ट्रक तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हुआ और राताखार के बजरंग चौक के पास सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के अंदर पूरा परिवार सो रहा था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक की टक्कर ने शहर में रात के समय संचालित हो रहे कबाड़ के कारोबार की ओर एक बार फिर ध्यान खींच दिया है।
हैरानी की बात यह है कि ट्रक में लदा कबाड़ करीब 7 लाख रुपये कीमत का बताया जा रहा है। अब सवाल सिर्फ सड़क हादसे का नहीं, बल्कि इस बात का है कि इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ कहां से लोड किया गया था? इसका वास्तविक मालिक कौन है और किसकी निगरानी में यह माल शहर से बाहर ले जाया जा रहा था?
हादसा नहीं होता तो क्या जिले की सीमा पार कर जाता ट्रक?
बताया जा रहा है कि जिस स्थान से कबाड़ लोड किया गया था, वहां से कुछ दूरी आगे ही ट्रक हादसे का शिकार हो गया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि ट्रक मकान में नहीं घुसता तो क्या यह वाहन बिना किसी जांच-पड़ताल के अपने गंतव्य की ओर निकल जाता?
स्थानीय स्तर पर रात के समय कबाड़ से लदे अन्य वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं। यदि इन चर्चाओं में सच्चाई है तो यह जांच का विषय है कि जिले के प्रमुख मार्गों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की निगरानी किस स्तर पर की जा रही है।
एक ओर अवैध कारोबार पर कार्रवाई और आरोपियों को तड़ीपार करने जैसी बातें सामने आती हैं, वहीं दूसरी ओर लाखों रुपये का कबाड़ लेकर भारी वाहन रात के अंधेरे में सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं। ऐसे में कार्रवाई के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर जांच का विषय बन गया है।
आखिर कबाड़ कारोबारियों को कौन दे रहा मुखबिरी?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल मुखबिरी के नेटवर्क को लेकर है। कबाड़ से भरी गाड़ी कब निकलेगी, किस रास्ते से जाएगी और किस स्थान पर चेकिंग हो रही है, इसकी जानकारी यदि पहले से कारोबारियों तक पहुंच रही है तो यह भी जांच का अहम पहलू होना चाहिए।
क्या अवैध कबाड़ के कारोबार से जुड़े लोगों को कार्रवाई और चेकिंग की पहले से सूचना मिल जाती है? क्या इस नेटवर्क में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो वाहनों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने में मदद करते हैं?
इन सवालों का जवाब तलाशना जरूरी है। केवल ट्रक और उसके चालक पर कार्रवाई कर देना पर्याप्त नहीं होगा। पुलिस को यह भी पता लगाना होगा कि कबाड़ कहां से आया, किसने लोड कराया, वास्तविक मालिक कौन है और इसे किसके पास भेजा जा रहा था।
चालक ट्रक छोड़कर भागा, पुलिस ने हिरासत में लिया
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश के बाद चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार ट्रक में कुल 20,860 किलो कबाड़ लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
तड़ीपार की कार्रवाई के बाद भी कैसे चल रहा कारोबार?
इस घटना ने एक बार फिर जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि कारोबारियों पर कार्रवाई हो रही है और संदिग्ध लोगों को जिले से बाहर करने जैसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है, तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में कबाड़ की ढुलाई कैसे हो रही है?
क्या कारोबार बंद हुआ है या सिर्फ इसके तरीके और रास्ते बदल गए हैं? क्या पर्दे के पीछे से वही नेटवर्क सक्रिय है, जो रात के अंधेरे में माल की आवाजाही कर रहा है?
अब जरूरत इस बात की है कि पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचे। ट्रक में मिले कबाड़ के स्रोत से लेकर उसके खरीदार, मालिक, लोडिंग स्थल और परिवहन से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच हो। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इस पूरे नेटवर्क को कहीं से संरक्षण या मुखबिरी तो नहीं मिल रही।
क्योंकि सवाल सिर्फ एक ट्रक के मकान में घुसने का नहीं है। सवाल यह है कि कोरबा में अवैध कबाड़ का कारोबार आखिर किसके भरोसे और किसकी निगरानी में फल-फूल रहा है?







