आरंग –
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाने वाला यह पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था, जिसे देव दीपावली के नाम से जाना जाता है। उक्त प्रेरक उद्गार भगवताचार्य एवं सनातन धर्म के प्रवक्ता पं छत्रधर दीवान के है उन्होंने इस पर्व की कथा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तारकासुर के तीन पुत्रों ने कठोर तपस्या कर भगवान ब्रह्मा से वरदान प्राप्त किया था। वरदान के प्रभाव से उन्होंने तीन शक्तिशाली नगरों का निर्माण कराया, जिन्हें त्रिपुर कहा गया। इन नगरों में रहने वाले असुरों का अत्याचार धीरे-धीरे बढ़ने लगा और उन्होंने देवताओं सहित समस्त लोकों को परेशान करना शुरू कर दियाअसुरों के बढ़ते आतंक से परेशान होकर सभी देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे और उनसे रक्षा की प्रार्थना की। देवताओं की पुकार सुनकर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत करने का संकल्प लिया।मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने अपने दिव्य बाण से तीनों पुरों का एक साथ विनाश कर दिया और त्रिपुरासुर का वध किया। इस अद्भुत विजय के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी नाम से भी जाना जाता है.
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, त्रिपुरासुर के वध के बाद देवताओं ने भगवान शिव की विजय की खुशी में शिव जी की मोक्षदायिनी नगरी काशी में दीप जलाए थे इस पुण्य तिथि को स्नान, दान एवं दीपदान की बड़ी महिमा है आचार्य श्री ने महानदी में दीपदान व विशेष पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख,समृद्धि, शान्ति तथा खुशहाली की कामना करते हुए भगवान महाकाल भोलेनाथ से प्राकृतिक संकट से रक्षा की प्रार्थना की है.







