रायपुर संवाददाता- रघुराज
रायपुर: राजधानी में इस बार एक विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत द्वारा पिछले तीन सालों से आयोजित हो रही इस कांवड़ यात्रा का यह चौथा साल है और इस साल इसे और भी भव्य रूप दिया जा रहा है। अब तक केवल रायपुर पश्चिम के लोग ही इसमें शामिल होते थे, लेकिन इस बार 70 वार्डों के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम जनता को भी आमंत्रित किया गया है।

मारुति मंगलम गुढ़ियारी से होगी शुरुआत
यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को मारुति मंगलम गुढ़ियारी में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। विधायक राजेश मूणत ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले मारुति मंगलम भवन में मिट्टी के शिवलिंग और नंदी बनाकर विधि-विधान से दो घंटे तक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे। यह यात्रा गुढ़ियारी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी। कांवड़िए जल लेकर रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट पर स्थित हटकेश्वरनाथ धाम में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे।

कला और संस्कृति का होगा संगम
इस कांवड़ यात्रा में छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की झलक दिखेगी। भगवान भोलेनाथ की भव्य झांकियां भी यात्रा का हिस्सा होंगी। इतना ही नहीं, केरल समेत अन्य राज्यों से आए कलाकार भी अपने नृत्य से यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। विधायक राजेश मूणत ने बताया कि इस यात्रा में मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम, रायपुर के सभी विधायक, महापौर, पार्षद समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना
राजेश मूणत ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश की उन्नति और खुशहाली के लिए आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। उन्होंने सभी वर्ग और समाज के लोगों को 3 अगस्त को होने वाली इस कांवड़ यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।









