जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा | अमेरिका के बॉस्टन शहर में 4 से 6 अगस्त 2025 तक आयोजित हो रहे वैश्विक विधायी सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के सांसदों और विधायकों की उपस्थिति से यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया है। नेशनल कांफ्रेंस ऑफ स्टेट लेजिस्लेटिव (NCSL) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके साथ पूर्व मंत्री और विधायक अनिला भेड़िया तथा विधायक संदीप साहू भी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
130 से अधिक विधायकों की उपस्थिति, 21 राजनीतिक दलों की भागीदारी
बताया गया है कि इस सम्मेलन में भारत के 24 राज्यों के 21 राजनैतिक दलों से जुड़े करीब 130 विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को नामित किया गया है। इस वैश्विक मंच का उद्देश्य विधायकों के बीच सहयोग, संवाद और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की बेहतरी के लिए अनुभव साझा करना है। एनसीएसएल वर्षों से वैश्विक सुशासन, नीति नवाचार और लोकतांत्रिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य करता रहा है।
डॉ. महंत ने बताया सीखने का ऐतिहासिक अवसर
डॉ. चरणदास महंत ने इस सम्मेलन को वैश्विक सुशासन की एक बेहतरीन परंपरा बताया और कहा कि यह मंच विभिन्न देशों की विधायी प्रक्रियाओं को समझने और जनता की सेवा में बेहतर योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन से प्राप्त अनुभव को छत्तीसगढ़ की विधायी और नीतिगत कार्यशैली में लागू करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन के प्रमुख विषय
सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल डेमोक्रेसी, साइबर सिक्योरिटी, वोटर कॉन्फिडेंस, नीति नवाचार (Policy Innovation) जैसे विषयों पर गहन चर्चाएं की जा रही हैं। अमेरिकी लोकतंत्र और उसकी विधायी प्रणाली की कार्यप्रणाली को भी नजदीक से समझने का अवसर प्रतिभागियों को मिल रहा है।
बॉस्टन स्टेट हाउस, हावर्ड यूनिवर्सिटी का भ्रमण
सम्मेलन के पहले दिन प्रतिभागियों ने बॉस्टन कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में समिट का पंजीकरण कराया और साधारण सभा में भाग लिया। इसके पश्चात सभी विधायकों ने मसकट स्थित स्टेट हाउस का भ्रमण किया, जहां उन्हें अमेरिकी विधायिका के कार्यशैली की जानकारी दी गई।
साथ ही, प्रतिभागियों ने विश्वविख्यात हावर्ड यूनिवर्सिटी का अवलोकन भी किया और अमेरिका में भारतीय मूल के नेताओं से मुलाकात की। यह अनुभव सभी विधायकों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।
TD गार्डन समारोह और बेस कैंप उपस्थिति
बाद में, प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका के प्रमुख स्थल TD गार्डन में आयोजित विशेष समारोह में हिस्सा लिया। इसके साथ ही वे न्यूटन स्थित अपने बेस कैम्प में उपस्थित रहे, जहां विभिन्न राज्यों के विधायकों के साथ संवाद और अनुभव साझा करने का सिलसिला जारी रहा।
यह सम्मेलन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत के लिए एक सम्मान और सीखने का अवसर है। डॉ. चरणदास महंत, अनिला भेड़िया और संदीप साहू जैसे अनुभवी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
यह सम्मेलन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत के लिए एक सम्मान और सीखने का अवसर है। डॉ. चरणदास महंत, अनिला भेड़िया और संदीप साहू जैसे अनुभवी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक सुशासन की दिशा में न केवल सजग है बल्कि अग्रसर भी।
ऐसे कार्यक्रम भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे और देश के युवाओं तथा भविष्य के जनप्रतिनिधियों को प्रेरणा प्रदान करेंगे।









