Home मुख्य ख़बरें अन्नू रानी ने पोलैंड में रचा इतिहास, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक,...

अन्नू रानी ने पोलैंड में रचा इतिहास, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक, अगला लक्ष्य: वर्ल्ड चैंपियनशिप

6
0

भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी ने पोलैंड में आयोजित 8वीं इंटरनेशनल वीस्लाव मानियाक मेमोरियल मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने 62.59 मीटर की थ्रो के साथ सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया और प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। यह मीट वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर के ब्रॉन्ज लेवल का हिस्सा थी।

दमदार वापसी के साथ छुआ 60 मीटर का आंकड़ा

मेरठ की रहने वाली अन्नू रानी ने प्रतियोगिता की शुरुआत 60.95 मीटर की थ्रो से की और फिर अपने दूसरे प्रयास में 62.59 मीटर की दूरी तय कर सबको चौंका दिया। यह प्रदर्शन इस साल का उनका सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने अंतिम थ्रो में भी 60.07 मीटर की दूरी हासिल की।

दिलचस्प बात यह रही कि अन्नू ने एक साल से भी ज्यादा समय बाद पहली बार 60 मीटर से अधिक की थ्रो फेंकी है। इससे पहले उन्होंने मई 2024 में जर्मनी के ऑफेनबर्ग में 60.68 मीटर के साथ छठा स्थान पाया था, जबकि मार्च में मुंबई में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 58.82 मीटर रहा था।

पेरिस ओलंपिक में नहीं मिली थी सफलता

हालांकि अन्नू इस साल पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल में जगह नहीं बना पाईं। उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में सिर्फ 55.81 मीटर की दूरी तय की थी, जो फाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं थी। लेकिन अब पोलैंड में उनके शानदार थ्रो ने उन्हें एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

अगला लक्ष्य: वर्ल्ड चैंपियनशिप

अन्नू रानी का अगला मिशन है सितंबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप। हालांकि वह अब तक 64 मीटर के सीधे क्वालिफाइंग मार्क को पार नहीं कर पाई हैं, लेकिन उनकी हालिया सफलता के चलते विश्व रैंकिंग के आधार पर उन्हें एंट्री मिल सकती है। अब वह 10 अगस्त को भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर की ब्रॉन्ज लेवल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here