रोशनी सोनी/बिलासपुर –
गुरुवार को छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बिलासपुर जिले में पुलिसिंग व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक ली इस अवसर पर उन्होंने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, 2nd बटालियन कमांडेंट मनोज खिलाड़ी, रेडियो एसपी पूजा कुमार, विशेष शाखा की जोनल एसपी दीपमाला कश्यप सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था, अपराधों पर नियंत्रण, डिटेक्शन रेट, विजिबल पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियानों का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया डीजीपी गौतम ने विशेष रूप से NAFIS (फिंगरप्रिंट प्रणाली) , सीसीटीएनएस , ई-साक्ष्य, ई-समन, और बीट सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

साथ ही “चेतना” अभियान को संस्थागत रूप देने, थानों में लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग और फरियादियों की त्वरित सुनवाई की पुख्ता व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए बैठक में सकरी बटालियन, रेडियो कार्यालय, हाई कोर्ट व एयरपोर्ट सुरक्षा, अभियोजन कार्यालय, विशेष आसूचना शाखा और रेंज एमटी शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को शासन और मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के समयबद्ध पालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।अंत में, डीजीपी ने पुलिस बल को नियमों के अनुरूप कार्य करते हुए जनता में भरोसा कायम रखने और समर्पित सेवा भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।









