जांजगीर- चांपा संवाददाता- राजेन्द्र जयसवाल
चाम्पा, जिला जांजगीर-चांपा | दिनांक 08 अगस्त 2025, शुक्रवार
जिला जांजगीर चांपा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज थाना चाम्पा पुलिस द्वारा एक अनुकरणीय पहल की गई। बेरियर चौक, चाम्पा में आयोजित इस कार्यक्रम में निःशुल्क हेलमेट वितरण किया गया, जिसमें पुलिस प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक प्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे एवं चाम्पा नगर निरीक्षक श्री जय प्रकाश गुप्ता ने किया। दोनों अधिकारियों ने आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए हेलमेट वितरण किया और दोपहिया चालकों को सदैव हेलमेट पहनने की सलाह दी।

कार्यक्रम में चाम्पा नगर के प्रथम नागरिक श्री प्रदीप नामदेव, कैट अध्यक्ष श्री राजन गुप्ता, श्री धीरज सोनी, पार्षद श्री महेंद्र तिवारी, टीकम कंसारी एवं अशोक देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि हेलमेट सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा करने वाला आवश्यक उपकरण है। दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें सिर पर गहरी चोट लगने से होती हैं, जिसे एक अच्छा हेलमेट पहनकर रोका जा सकता है।

चाम्पा पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से एक सकारात्मक संदेश देती है और अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्पद है। उम्मीद की जानी चाहिए कि ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों में नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ेगी।









