कोरबा-
भारतीय जनता पार्टी, कोरबा नगर मंडल द्वारा सोमवार को वार्ड क्रमांक 7, धनवार पारा स्थित ठाकुर घाट के पास महामाया मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर एवं आसपास की सफाई की गई तथा पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु और जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि यह जलवायु संतुलन, वर्षा और मिट्टी संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जागेश लांबा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर में पौधे लगाए और परिसर की सफाई में भागीदारी की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही हमारे जीवन के आधार हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में न केवल जागरूकता आती है, बल्कि जनभागीदारी भी बढ़ती है, जिससे शहर और प्रकृति दोनों का संरक्षण संभव हो पाता है।









