-सरपंच, सचिव तेलंगाना के लोगों के हवाले किया मुर्गा लड़ाई का काम
-300 से 1000 तक वसूल रहे हैं तेलंगाना के व्यापारी
-खुलेआम बेच रहे हैं शराब भी, पुलिस की नाक के नीचे चल रहा अवैध कारोबार
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर संभाग के आदिवासियों की परंपरा में शामिल मुर्गा लड़ाई को तेलंगाना के कुछ लोगों ने जुआ, सट्टा और शराब का अड्डा बनाकर रख दिया है।तेलंगाना के ये तत्व यहां से रोजाना लाखों रुपए की कमाई अवैध रूप से कर रहे हैं।
बस्तर संभाग का बीजापुर जिला तेलंगाना की सीमा से लगा हुआ है। इस जिले में बस्तर की पारंपरिक संस्कृति का हिस्सा रही शामिल मुर्गा लड़ाई अब अपने मूल स्वरूप से भटककर बड़े पैमाने पर जुए का अड्डा बन चुका है। जिले के तारलागुड़ा में स्थिति और गंभीर हो गई है, जहां जुआ सट्टे का खेल अब बच्चों तक को अपनी गिरफ्त में लेने लगा है। तेलंगाना से आए लोग इस पर कब्जा जमाकर इसे करोड़ों के सट्टे का माध्यम बना रहे हैं। एक माह से मुर्गा बाजार में मेला जैसा माहौल बना हुआ है। तेलंगाना से आए व्यापारी यहां नाश्ता, शराब और बिरयानी की दुकानें लगा रहे हैं।

इसी भीड़-भाड़ में स्कूल के कुछ बच्चें हाथ में पैसे लिए घूमते नजर आते हैं। कुछ बच्चें पानी की बोतलें बेच रहे हैं। कई नाबालिग जुए और सट्टे के माहौल में फंसकर लत के शिकार हो रहे हैं। तारलागुड़ा थाने के सामने पर यह अवैध मुर्गा बाजार खुलेआम फल फूल रहा है। यहां रोजाना 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का जुआ खेला जा रहा है। मुर्गा बाजार में प्रवेश के लिए टिकट के 300 एवं 500 रूपए और वीआईपी टिकट के नाम पर 1 हजार रुपए वसूलकर हाथों में वीआईपी सील लगाई जाती है।
चारों ओर हरे परदे की कनात लगाकर इसे पूरी तरह ढक दिया गया है, जिससे बाहर से कुछ भी न दिखे। अब तो ग्रामीण भी मजबूरी में टिकट खरीदकर ही अंदर जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया हैं कि इस बाजार का संचालन तेलंगाना के वानम प्रकाश के हाथ में है, जिसने लाखों रुपये देकर सरपंच काका भास्कर, सचिव श्रीनिवास दुधी और कुछ ग्रामीणों की मदद से पूरा मुर्गा बाजार का प्रबंधन हासिल कर लिया है। इसके चलते न सिर्फ जुए का दायरा बढ़ा है, बल्कि आसपास के गांवों में भी सट्टेबाजी की लत फैलने लगी है। हर साल गांव का एक मोहल्ला जिसमें 10 ग्रामीणों का समूह होता है वह इस मुर्गा बाजार को 50-100 रुपये के टिकट लेकर मुर्गा लड़ाई आयोजित करता था। जिनके पास पैसे नहीं होते, वे भी दूर से इस परंपरा का आनंद लेते थे। लेकिन अब आरोप है कि सरपंच और सचिव ने लाखों रूपये लेकर इस परंपरा को पूरी तरह व्यावसायिक और अवैध कमाई का जरिया बना दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मुर्गा लड़ाई बस्तर की एक पुरानी सांस्कृतिक परंपरा है, जो पहले केवल मनोरंजन और मेल-मिलाप का जरिया हुआ करती थी। लेकिन अब इसमें बाहरी राज्यों का दखल बढ़ने से यह परंपरा अवैध कमाई और सट्टेबाजी का साधन बन गई है।
ग्रामीणों में गहरी नाराजगी
जनजातीय गौरव समाज के जिला अध्यक्ष पुरूषोत्तम शाह ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मुर्गा बाजार बस्तर की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा हुआ है। इसे अन्य राज्यों के व्यक्तियों द्वारा व्यापारी की तरह या सट्टेबाजी के लिए इस्तेमाल करना गलत है। इससे नाबालिग बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है और स्थानीय ग्रामीण भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। यह परंपरा अपनी मूल पहचान के साथ ही चलनी चाहिए, न कि इसे अवैध कमाई का साधन बनाना चाहिए। ग्रामीणों ने इस पर तुरंत रोक लगाने और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस सांस्कृतिक विरासत को जुए और सट्टे के चंगुल से बचाया जा सके और बच्चों को इस माहौल से दूर रखा जा सके।









