भारत सरकार ने अगले साल 31 मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देश के विभिन्न राज्यों में नक्सलवाद के खिलाफ मुहीम लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है। ये मुठभेड़ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मारे गए नक्सलियों के ऊपर कुल 35 लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस ने इस मुठभेड़ के बारे में जानकारी साझा की है। पुलिस के मुताबिक, मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंडा पहाड़ के जंगल में बुधवार को दोपहर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य विजय रेड्डी और डिविजनल कमेटी सदस्य लोकेश सलामे को ढेर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, रेड्डी पर 25 लाख रुपये तथा सलामे पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, मदनवाड़ा क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की खबर मिली थी जिसके बाद मंगलवार को डीआरजी की टीम को ITBP की सहायक टीम के साथ नक्सल विरोधी अभियान पर भेजा गया। सुरक्षाबलों के जवान बुधवार को शाम में बारिश के दौरान रेतेगांव के पास बंडा पहाड़ इलाके की घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की। कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग जारी रही। फायरिंग रुकने के बाद घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विजय रेड्डी महाराष्ट्र के गढ़चिरोली से लगे इलाके का एक प्रभावशाली माओवादी नेता था। वह राजनांदगांव कांकेर बॉर्डर डिवीजन में माओवादी गतिविधियों को संभाल रहा था। मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में साल 2025 में अब तक अलग-अलग एनकाउंटर में 229 नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है। इनमें से 208 नक्सली बस्तर संभाग में मारे गए हैं। आपको बता दें कि बस्तर संभाग में बीजापुर, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले शामिल हैं।









