आरंग। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं आरंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से हमें आज़ादी मिली।
गुरु साहेब ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा, “देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य करना चाहिए।”
ज्ञात हो कि गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी है। हाल ही में उन्होंने ₹22 करोड़ से अधिक की जल संसाधन और आधारभूत ढांचा विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें सिंचाई, सड़क और जल प्रबंधन से संबंधित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं । इसके अतिरिक्त, ग्राम नरदहा में एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण भी उनके द्वारा किया गया है
गुरु साहेब का जन्म 27 मार्च 1989 को भंडारपुरी धाम में हुआ। वे अखिल भारतीय सतनाम सेना के प्रदेशाध्यक्ष हैं और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के पुत्र हैं । उनकी शिक्षा मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और टर्बो मशीनरी में परास्नातक है, और वे पीएचडी कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए कार्य करें और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाएं। उन्होंने कहा, “हम सभी को मिलकर एक समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।”










