चमोली- जिले के थराली (Tharali) क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने की घटना के बाद से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी मलबे की चपेट में कई मकान, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
प्रशासन अलर्ट पर
जिलाधिकारी संदीप तिवारी खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर हालात का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। राहत कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस बल सक्रिय रूप से जुटे हैं। हरमनी के पास मार्ग को फिलहाल खोल दिया गया है ताकि आवाजाही सुचारु रह सके।
स्कूलों में अवकाश घोषित
भारी बारिश और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में आज छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।
नुकसान का हाल
थराली तहसील क्षेत्र के टूनरी गदेरे में बादल फटने से थराली बाजार और आसपास का इलाका भारी मलबे से भर गया।
1) एसडीएम आवास सहित कई मकान क्षतिग्रस्त हुए।
2) दुकानों में मलबा भर गया और कई वाहन दब गए।
3) कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे दुरुस्त करने का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है।









