बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= ड्रोन से किया जा रहा है रेस्क्यू, हेलीकाप्टर बुलाने की तैयारी में विक्रम मंडावी =
जगदलपुर। बस्तर संभाग की बीजापुर सीट से कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी संवेदनशीलता की शानदार तस्वीर सामने आई है। बाढ़ग्रस्त नदी के बीचों बीच फंसे एक युवक की जान बचाने के लिए विधायक विक्रम शाह मंडावी बिना देरी किए कैपरी (चड्डा) और टी शर्ट पहनी हालत में ही मौके पर जा डटे हैं। युवक को निकालने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है और होमगार्ड की टीम भी पहुंच गई है। विधायक श्री मंडावी हेलीकाप्टर बुलाने की तैयारी कर रहे हैं।

बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के मरकापाल घाट के बीचों-बीच एक ग्रामीण युवक पिछले कई घंटों से फंसा हुआ है। इंद्रावती नदी बाढ़ग्रस्त है और उसका जल स्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में युवक की जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। जानकारी मिलते ही बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी घर के कपड़े कैपरी और टीशर्ट पहने हुए ही मौके के लिए रवाना हो गए। दर्जनों ग्रामीण भी मौके पर मौजूद हैं। विधायक श्री मंडावी उबड़ खाबड़ जमीन पर चलते हुए युवक जहां फंसा हुआ है, उस स्थान के करीब पहुंचे। विक्रम शाह मंडावी लगातार युवक का हौसला बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं और उसे भरोसा दिला रहे हैं कि जरूरत पड़ी तो तुम्हारी मदद के लिए शासन प्रशासन से कहकर हेलीकाप्टर भी बुलवाऊंगा। इस बीच होमगार्ड का राहत एवं बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया है। ड्रोन की मदद से युवक की स्थिति और उसे निकालने के लिए सटीक लोकेशन ट्रेस की जा रही है। उपस्थित ग्रामीण भी युवक की हिम्मत बढ़ा रहे हैं। युवक लगातार मदद की गुहार लगा है। इन सबके बीच विधायक विक्रम मंडावी ने जो मानवीय संवेदना दिखाई है, उसकी जमकर तारीफ हो रही है। अपनी ऎसी ही सहज सुलभता, इंसानियत के कारण विक्रम मंडावी क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय हैं और लगातार जीत दर्ज कराते आ रहे हैं। वे लोगों के सुख दुख में बराबर सहभागी बनते हैं।










