दुनिया भर में जहां अधिकतर महिलाओं के लिए गर्भवती होना किसी खूबसूरत सपने के साकार होने जैसा होता है वहीं नाइजीरिया में हालात कुछ अलग ही हैं। यहां संघर्ष प्रभावित उत्तरी क्षेत्र में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। स्वास्थ्य सुविधाएं ना होने की वजह से गर्भावस्था महिलाओं के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। कई बार तो हालात ऐसे बन जाते हैं कि गर्भवती महिलाओं और अजन्मे शिशु दोनों की ही मौत हो जाती है।
आयशा मोहम्मद नाम की महिला जब अपनी गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में थी तब उसे दौरे पड़ने लगे और उच्च रक्तचाप (एक्लेम्पसिया) की समस्या हो गई। यह गर्भवती महिलाओं की मौत का एक प्रमुख कारण है। उसके गांव के एकमात्र स्वास्थ्य क्लिनिक में कोई चिकित्सक नहीं था और एकमात्र चिकित्सा केंद्र उसके गांव से 40 किलोमीटर दूर था। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनिया के किसी भी अन्य स्थान की तुलना में नाइजीरिया में प्रसव के दौरान सबसे अधिक महिलाओं की मौत होती है। हालांकि, आयशा तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसी तरह मैदुगुरी शहर पहुंच गई और अप्रैल में अगले ही दिन उसने ऑपरेशन के जरिए जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। आयशा ने अपने आंसुओं को बहने से किसी तरह रोकते हुए कहा, ‘‘हालांकि बच्चे खुशियां लाते हैं लेकिन अब मुझे यह सोचकर गर्भवती होने से डर लगता है कि मुझे फिर उसी कष्ट से गुजरना पड़ेगा।’’
फल्माता मोहम्मद नाम की एक अन्य महिला की भी कहानी ऐसी ही है। उसे 2021 में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसके गांव बुलाबिलिन नगौरा में कोई अस्पताल ना होने के कारण वह और उनके पति 57 किलोमीटर दूर मैदुगुरी के लिए निकले लेकिन रास्ते में ही उसे रक्तस्राव हो गया और उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। उसने कहा कि वह उस मानसिक पीड़ा को कभी नहीं भूल सकती।
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में गर्भवती महिलाओं के लिए हालात पहले से कहीं अधिक मुश्किल हो गए हैं। बोको हराम आतंकी समूह फिर से उभर रहा है और कभी नाइजीरिया को करोड़ों डॉलर की विदेशी सहायता देने वाले अमेरिका ने भी डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से आर्थिक मदद देना बंद कर दिया है। लड़ाई के कारण सड़कें बंद हैं। कई चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं सहायता संगठन पलायन कर गए हैं। अमेरिका से धन नहीं मिलने की भरपाई के लिए नाइजीरिया ने अपने स्वास्थ्य बजट के लिए 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर की आपातकालीन राशि जारी की है।









