Home चर्चा में बाढ़, बारिश ने फाड़ रखा है कलेजा, राहत के नाम पर दी...

बाढ़, बारिश ने फाड़ रखा है कलेजा, राहत के नाम पर दी फटी साड़ी! सुशासन का चीरहरण किया प्रशासन ने

25
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

मुख्यमंत्री से शिकायत की बात कहने पर महिला को उठा ले गई पुलिस 

जगदलपुर। एक तो बाढ़ और अतिवृष्टि ने पीड़ितों का कलेजा तार तार कर रखा है, ऊपर से प्रशासन ने राहत के नाम पर जो साड़ियां दी हैं, वह फटी निकल रही हैं। जब एक प्रभावित महिला ने इस बात की शिकायत मुख्यमंत्री से करना चाही तो पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई। उसे घंटों थाने में बिठाए रखा गया। इस तरह विष्णुदेव साय के सुशासन का चीरहरण किया है दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने। इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आक्रामक तेवर दिखाए हैं।
बस्तर संभाग में बाढ़ और अतिवृष्टि ने जमकर तबाही मचाई है। गरीबों के आशियाने टूट गए हैं, अनाज, राशन, कपड़े लत्ते, बच्चों की किताब कॉपियां आदि सामग्री पानी की भेंट चढ़ चुकी हैं। प्रभावितों के घरों में चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। बारिश का जोर थमने के बाद प्रशासन द्वारा पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, मगर यह राहत जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में भी तबाही का मंजर देखने को मिला है। वहां प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री और वस्त्र प्रदान किए जा रहे हैं। मगर दुर्भाग्य यह कि राहत और मदद के नाम पर प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा जिले में प्रभावित परिवारों को जो साड़ियां बांटी गईं हैं वे फटी हालत में हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दंतेवाड़ा जिले में बाढ़ के हालात का जायजा लेने पहुंचे थे। सीएम श्री साय ने पीड़ितों से प्रत्यक्ष संवाद भी किया। इसी दौरान एक प्रभावित आदिवासी महिला ने जब प्रशासन द्वारा राहत एवं मदद के नाम पर फटी साड़ी दी जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कह दी, तो पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई। जब तक मुख्यमंत्री दंतेवाड़ा जिले से लौट नहीं गए, तब तक महिला को थाने में ही बिठाए रखा गया। राहत और मदद के नाम पर दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने न सिर्फ पीड़ितों के जले में नमक छिड़कने का काम किया है, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन का चीरहरण भी कर डाला है।यह घटना मानवीय संवेदना को भी तार तार कर गई।इस घटनाक्रम ने यह भी साबित कर दिया है कि सुशासन पर अफसरशाही किस कदर हावी है।

बिफर पड़े पीसीसी चीफ बैज
दंतेवाड़ा जिले में बाढ़ प्रभावितों को फटी साड़ियां बांटने और मुख्यमंत्री से इस मामले की शिकायत मात्र की बात कहने पर आदिवासी महिला को घंटों थाने में बिठाए रखने का मसला संज्ञान में आते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आहत हो उठे। उन्होंने दंतेवाड़ा के प्रशासनिक अधिकारियों और टीआई की क्लास लगा दी। दीपक बैज ने टीआई से कहा कि एक तो आपने फटी हुई साड़ियां बंटवाई हैं, ऊपर से पीड़ित महिला के साथ अपराधियों जैसा सलूक कर निर्ममता का परिचय दिया है। आदिवासी महिला ने कोई गुनाह तो नहीं किया था, जो आपने उसे उठाकर थाने में बंद कर दिया? आखिर आदिवासियों के साथ आप और आपकी सरकार कब तक यूं ही जुल्म ढाते रहेंगे? पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा- टीआई साहब आपने महिला के साथ जो व्यवहार किया है, वह हरगिज क्षमा योग्य नहीं है हम इस मुद्दे को राजधानी स्तर तक उठाएंगे। मोबाईल फोन के जरिए टीआई से बात करते समय प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज की पीड़ा और नाराजगी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। बाद में इस🏳️ संवाददाता से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार बस्तर के आदिवासियों के प्रति पूरी तरह संवेदन शून्य हो गई है, आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते एक आदिवासी महिला के इस तरह के अपमान का उदाहरण और कहीं देखने सुनने को मिला नहीं है। इस कृत्य के लिए आदिवासी भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। दीपक बैज ने कहा कि बात सिर्फ एक फटी साड़ी की ही नहीं है, बल्कि यह आदिवासी अस्मिता से जुड़ा बड़ा मामला भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here