बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
मुख्यमंत्री साय को क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों से मिलवाने में नाकाम रहे विधायक: बैज
लोहंडीगुड़ा। जिला पंचायत सदस्य योगेश बैज ने चित्रकोट विधायक विनायक गोयल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने विनायक गोयल को सबसे निष्क्रिय विधायक घोषित कर दिया है।
बस्तर जिला पंचायत के सदस्य योगेश बैज ने कहा है कि विधायक गोयल की निष्क्रियता का खामियाजा लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने विनायक गोयल की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जो विधायक अपने क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों की स्थिति का जायजा लेने अपने ही मुख्यमंत्री को लाने में नाकाम साबित हो जाए तो ऐसे विधायक से क्षेत्र की जनता और क्या अपेक्षा कर सकती है? श्री बैज ने कहा है कि जब मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों से मिलने बस्तर के दंतेवाड़ा का दौरा कर सकते हैं तो चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र जो कि दंतेवाड़ा के बाद सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित इलाका है, उसका दौरा किए बिना ही रायपुर लौट गए। यह स्थानीय विधायक की निष्क्रियता का ही परिणाम है जिसका खामियाजा बाढ़ पीड़ितों को भुगतना पड़ेगा।
योगेश बैज ने विधायक गोयल पर गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी सवाल पूछा है कि कहीं बाढ़ पीड़ितों को हो रही असुविधाओं और उपक्षा की पोल खुल जाने के डर से विधायक ने मुख्यमंत्री को अपने विधानसभा क्षेत्र से दूर तो नहीं रखा है? कहीं मुख्यमंत्री के सामने विधायक की निष्क्रियता की पोल ना खुल जाए इसलिए बाढ़ पीड़ितों प्रभावितों तक मुख्यमंत्री को नहीं पहुंचाया गया? जबकि मांदर गांव जो कि अति बाढ़ प्रभावित रहा वहां की जनता में भी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उम्मीद जगी थी कि मुख्यमंत्री उनकी भी सुध लेंगे परंतु बाढ़ पीड़ितों की उम्मीदों पर पानी विधायक विनायक गोयल ने अपनी नाकामी को छिपाए रखने के लिए फेर दिया है।









