रिकेश्वर राणा/ बारसूर –
195वीं बटालियन की स्थापना 3 सितम्बर 2007 को भोपाल में हुई थी। वर्तमान में यह बटालियन दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के अति नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात है। बटालियन ने लगातार नक्सल विरोधी अभियानों और सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से न सिर्फ शांति स्थापित की है बल्कि आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना भी मजबूत की है।

स्थापना दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई और विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति से वीरता पदक से सम्मानित एएसआई (जीडी) संजय कुमार और सिपाही (जीडी) कुलदीप सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कमांडेंट अनिल कुमार सिंह के साथ सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे। कमांडेंट ने इस मौके पर जवानों से अपील की कि वे जनता की हर संभव मदद करने के लिए सदैव तत्पर रहें।









