जांजगीर-चांपा- संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा। जिले की नैला चौकी क्षेत्र में गणेश विसर्जन की रात हुई 10 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने मात्र सात दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने व्यापारी से चाकू की नोक पर लूट करने वाले शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की पूरी रकम नगद 10 लाख 44 हजार रुपये सहित वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व हथियार भी बरामद कर लिया है।


घटना की पूरी कहानी
दिनांक 06 सितम्बर 2025 की रात करीब 9:15 बजे नैला निवासी व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल अपने दुकान से लाखों रुपये बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नैला गली, कुबेर पारा पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने स्कूटी से गिराकर चाकू दिखाया और कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वयं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप व CSP कविता ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। उसी रात 4 अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच की रणनीति
पुलिस टीमों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
व्यापारी के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों सहित संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई।
नैला रेलवे पटरी व आसपास की घनी बस्तियों में सघन खोजबीन की गई।
घटना का रिक्रिएशन (पुनर्निर्माण) किया गया, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
साइबर टीम की सक्रियता और तकनीकी इनपुट से संदेहियों का दायरा और सीमित हुआ।
मास्टर माइंड और आरोपी
जांच में खुलासा हुआ कि व्यापारी का पूर्व नौकर ही मास्टर माइंड था, जिसने 17 दिन पहले ही अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी। उसने अपने साथियों को बताया था कि व्यापारी रोज रात में कैश लेकर स्कूटी से घर लौटते हैं और बहुत डरपोक स्वभाव के हैं। उसी जानकारी के आधार पर यह घटना अंजाम दी गई।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मुकेश सूर्यवंशी, पिता श्रीराम सूर्यवंशी, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 02 दर्रीपार, नैला
2. नितेश पंडित उर्फ विक्की, पिता उमेश पंडित, उम्र 21 वर्ष, निवासी अमोरा थाना मुलमुला
3. एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (पूर्व नौकर एवं मास्टर माइंड)
आरोपियों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने 18 जुलाई 2025 को बोड़सरा शराब दुकान का ताला तोड़कर लगभग 2.40 लाख रुपये की चोरी भी की थी, जिसमें से 64,000 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस की सराहनीय टीमवर्क
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं CSP कविता ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीमों ने दिन-रात मेहनत कर इस बड़ी वारदात का खुलासा किया। इस सफलता में थाना प्रभारी, साइबर टीम, नैला चौकी स्टाफ, चांपा एवं जांजगीर पुलिस बल सहित दर्जनों पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक का बयान
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने बताया कि जांजगीर पुलिस अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और सतत् निगरानी के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर रकम बरामद की गई
इस बड़ी सफलता ने न केवल व्यापारी वर्ग में राहत की सांस दी
इस बड़ी सफलता ने न केवल व्यापारी वर्ग में राहत की सांस दी है, बल्कि अपराधियों को भी कड़ा संदेश दिया है कि पुलिस की पकड़ से बच पाना असंभव है। जांजगीर-चांपा पुलिस की यह कार्रवाई जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करती है।









