Home चर्चा में अवैध शराब बनी मौत का कारण – करही गाँव में दो युवकों...

अवैध शराब बनी मौत का कारण – करही गाँव में दो युवकों की दर्दनाक मौत

10
0

जिला संवाददाता :
राजेंद्र प्रसाद जायसवाल

जिला जांजगीर-चांपा जिला जांजगीर चांपा के बिर्रा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम करही में अवैध शराब पीने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरज यादव (30 वर्ष) और मनोज कश्यप (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवकों ने कथित रूप से शराब का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई।

परिजन घबराकर उन्हें इलाज के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे गाँव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और एक नौ-सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। इस जांच टीम की अगुवाई चांपा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) यदुमणि सिदार कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने टीम को पाँच दिनों में जांच पूरी कर प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

फिलहाल दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस दोनों ही मौत के सही कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

अवैध शराब का गढ़ बनता करही

स्थानीय लोगों का कहना है कि करही और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार पनप रहा है। प्रशासन की आँखों के सामने अवैध शराब की बिक्री जारी रहने से आए दिन इस तरह की घटनाएँ सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने माँग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएँ दोबारा न हों।

प्रशासन के लिए चुनौती

यह घटना न केवल प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है। गाँव-गाँव में बिक रही जहरीली और अवैध शराब लोगों की जान ले रही है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लापरवाही और अवैध कारोबार की वजह से मासूमों की जान जाती रहेगी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here