Home अंतर्राष्ट्रीय मंगल और चंद्रमा पर भारत-अमेरिका की नई साझेदारी, अंतरिक्ष सहयोग के नए...

मंगल और चंद्रमा पर भारत-अमेरिका की नई साझेदारी, अंतरिक्ष सहयोग के नए युग की शुरुआत

56
0

भारत और अमेरिका के बीच भले ही धरती पर टैरिफ को लेकर टकराव और तनाव की स्थिति चल रही हो, लेकिन मंगल और चंद्रमा पर दोनों देश नए साथी बनकर उभरे हैं। भारत ने एक विशेष कार्यक्रम के दौरान अंतरिक्ष क्षेत्र में अमेरिका के साथ साझेदारी के एक नए युग की शुरुआत का संकेत दिया। वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में अधिकारियों और अंतरिक्ष यात्रियों ने बताया कि दोनों देशों के बीच दशकों पुराना सहयोग अब चंद्रमा और मंगल अभियानों का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

इस कार्यक्रम का शीर्षक था, “भारत-अमेरिका अंतरिक्ष सहयोग: भविष्य की साझेदारी की सीमाएं” यह आयोजन सोमवार को इंडिया हाउस में हुआ और इसमें हाल की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया, जिनमें NASA-ISRO का संयुक्त NISAR उपग्रह और Axiom मिशन-4 शामिल हैं, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा की।

संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने इस साझेदारी को “वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास और वाणिज्यिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक गतिशील मंच” बताया। उन्होंने कहा कि भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम अब कम लागत में अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता बन चुका है, और अमेरिका के साथ संयुक्त प्रयास “मानव अंतरिक्ष उड़ान की सीमाओं को आने वाले दशकों में और आगे बढ़ा सकते हैं।”

NASA की पृथ्वी विज्ञान विभाग की निदेशक डॉ. करेन सेंट जर्मेन ने अपने संबोधन में NISAR मिशन को “अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आदर्श उदाहरण” बताया और कहा कि “विभिन्न विशेषज्ञताओं के सम्मिलन से वैज्ञानिक प्रगति को गति मिलती है।” एक वर्चुअल पैनल डिस्कशन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक था “मॉमेंट्स इन ऑर्बिट”, जिसमें NASA के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, निक हेग और बुच विलमोर ने शुभांशु शुक्ला के साथ भाग लिया। इस चर्चा में उन्होंने प्रशिक्षण, अंतरिक्ष स्टेशन पर जीवन और बदलते अंतरिक्ष अभियानों के बारे में अपने अनुभव साझा किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here