जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेंद्र प्रसाद जायसवाल
आज डेस्टिनेशन इंग्लिश मीडियम स्कूल, जांजगीर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री गणेश राम पटेल, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के गठन एवं उद्देश्य की जानकारी दी। साथ ही समाज में विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, बच्चों के संरक्षण हेतु मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं, गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, अनिवार्य शिक्षा का महत्व, लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), सोशल मीडिया और साइबर अपराध, मोटर व्हीकल एक्ट, आपराधिक कानून, भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपराधों से दूर रहकर शिक्षा एवं विकास पर ध्यान केंद्रित करने और कानून के दायरे में रहकर जीवन जीने की प्रेरणा दी।
इसके साथ ही, श्री मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा ने नालसा की विभिन्न योजनाओं जैसे साथी, डॉन, जागृति के बारे में बताया। उन्होंने शिक्षा का अधिकार, विभिन्न प्रकार के अपराधों, सिविल एवं पारिवारिक कानून, मोटर व्हीकल एक्ट पर जानकारी दी और उपस्थितों को NALSA हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी साझा की।
श्री लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल, पैरा लीगल वॉलिंटियर ने समाज में विधिक जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए बढ़ते अपराधों के कारणों और उनकी रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम का सफल मंच संचालन भी किया।
कार्यक्रम में श्री जयराम गढ़ेवाल (पैरा लीगल वॉलिंटियर), श्री रवि शंकर निर्मलकर (प्राचार्य डेस्टिनेशन स्कूल जांजगीर), समस्त प्राध्यापकगण एवं लगभग 150 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए।
अंत में कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्री शिवम सिंह, शिक्षक डेस्टिनेशन स्कूल जांजगीर द्वारा किया गया।
यह शिविर न केवल छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक अनुभव साबित हुआ बल्कि समाज में विधिक जागरूकता के प्रसार का भी एक सशक्त माध्यम बना।









