अर्जुन झा/बीजापुर 26/9/25 भोपालपट्टनम।
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 163 पर एक बार फिर से यातायात बाधित हो गया है। गुरुवार देर रात गोदावरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण टेकुलगुड़ा पुलिया पर पानी चढ़ गया। नदी का बहाव इतना तेज़ हो गया कि पुलिया पर करीब चार फीट तक पानी भर गया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते बीते 24 घंटे से छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कई हिस्सों में लगातार मूसलधार बारिश हो रही है। इसका सीधा असर बॉर्डर इलाकों पर पड़ा है, खासकर भोपालपट्टनम से सटे टेकुलगुड़ा क्षेत्र में। जैसे ही नाले में पानी का स्तर बढ़ा, ट्रकों, बसों और निजी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।
रातभर यात्रियों को सड़क पर ही रुकना पड़ा। कई वाहन चालकों को जोखिम भांपते हुए वापस लौटना पड़ा। इस मानसून सीजन में यह कईवां मौका है जब गोदावरी का पानी हाईवे पर चढ़ा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
इस अस्थायी अवरोध का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा है जो रोज़गार, इलाज या अन्य ज़रूरी कार्यों के लिए बॉर्डर पार करते हैं। लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्रवासियों को बार-बार ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।









