योगेन्द्र राठौर/कोरबा –
कोरबा जिले के ग्राम पंचायत फरसवानी के आश्रित ग्राम संजय नगर में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नगद चुरा लिए। इस वारदात ने पूरे मोहल्ले में भय और हड़कंप मचा दिया।
चोरों ने समाजसेवी और “रक्त वीर” के नाम से जाने जाने वाले निःस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष राकेश श्रीवास के घर में सेंध लगाई। यहाँ से लगभग 17 हजार रुपये नगद और कीमती सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। इसके साथ ही उनके पड़ोसी नंदलाल के घर से 50 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण पार कर लिए गए।

घटना के बाद मोहल्ले में सन्नाटा और दहशत का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होती तो चोर इतनी बड़ी वारदात नहीं कर पाते।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी सुरागों की पड़ताल की जा रही है, लेकिन अब यह देखने की बात है कि पुलिस कितने दिनों में चोरों को पकड़ पाती है और क्षेत्र में फिर से सुरक्षा और विश्वास कायम हो पाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से सबक लिया जाना चाहिए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी वारदात होने से पहले ही रोकी जा सके।







