सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में संगीतकार (Musician) शखरज्योति गोस्वामी और गायिका अमृतप्रभा महंत को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय मौके पर मौजूद गर्ग के संगीतकार गोस्वामी और गायिका अमृतप्रभा को गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें उनके खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं। इसलिए विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी गिरफ्तारी जरूरी है।’ पुलिस ने कहा कि इसके साथ ही मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें गर्ग के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि श्यामकानु महंत और शर्मा को गिरफ्तार किया गया और उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। असम पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (CID) के विशेष डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि अदालत ने दोनों व्यक्तियों को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
उन्होंने कहा, ‘जांच जारी है और मैं ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकता। हमने प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 103 भी जोड़ दी है।’ बीएनएस की धारा 103 हत्या की सजा से संबंधित है। श्यामकानु पूर्व पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत के छोटे भाई हैं। ज्योति भास्कर महंत फिलहाल असम राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त हैं। उनके एक और बड़े भाई नानी गोपाल महंत हैं, जो गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति बनने से पहले मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के शिक्षा सलाहकार थे।









