खिलेश साहू/ कुरूद:-
प्रदेश में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ “बिजली चोर गद्दी छोड़” जनआंदोलन की शुरुआत की है। इसी क्रम में सोमवार को कुरूद में बिजली कार्यालय में तालाबंदी एवं विशाल मशाल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे स्थानीय काली मंदिर परिसर से हुआ, जहाँ से कार्यकर्ताओं ने मशाल रैली निकालकर शाम 7 बजे तक बिजली कार्यालय का घेराव किया। रैली में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था — हाथों में मशालें, नारों से गूंजता वातावरण और जनता की समस्याओं के प्रति आवाज़ बुलंद करने का उत्साह स्पष्ट झलक रहा था।
इस आंदोलन में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया, प्रदेश महासचिव डॉ. मोनिका मंसेर, प्रदेश युवा अध्यक्ष आकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सोनवानी, देवव्रत डॉ. चंद्रहास साहू (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद कुरूद एवं युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनपद सदस्य, सरपंच-पंचगण, एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बोलते हुए अमित पठानिया ने कहा —
“कोयला अपना है, संसाधन हैं अपने पास,
फिर क्यों बिजली के बिल से जनता है उदास।
इंकलाब की बात नहीं, मांग है ये सीधी,
बिजली का दाम कम हो, मिले राहत जल्दी।
तकनीक नई आई, पर समस्या संग लाई,
स्मार्ट मीटर की चाल किसी को समझ न आई।
बिल की रकम देखकर दिल घबराता है,
आखिर ये खर्चा किसको फायदा पहुंचाता है?”
उन्होंने सरकार से मांग की कि बिजली दरों में तत्काल कमी की जाए, स्मार्ट मीटर की समीक्षा हो और आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग का प्रतीकात्मक घेराव करते हुए तालाबंदी की और जनहित में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।काली मंदिर कुरूद परिसर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त आब्जर्वर की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के पूर्व राज्यमंत्री एवं AICC प्रभारी रेयाना रिजाज चिश्ती और पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे शामिल हुए। उन्होंने जिले के संगठन सृजन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, पूर्व विधायकगण, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं सभी प्रकोष्ठों के सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर देवव्रत डॉ. चंद्रहास साहू ने कहा कि—“यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक प्रदेश की जनता को बिजली बिलों से राहत नहीं मिलती। कांग्रेस जनता की आवाज़ बनकर हर घर तक यह संदेश पहुंचाएगी।”इस प्रकार कुरूद में युवा कांग्रेस का यह आंदोलन न केवल बिजली बिलों के खिलाफ आक्रोश का प्रतीक बना, बल्कि जनहित में एक सशक्त राजनीतिक संदेश भी दिया।









