अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सितंबर 2025 के लिए “प्लेयर ऑफ द मंथ” के नॉमिनेशन की घोषणा कर दी है। इसमें भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को पुरुष कैटेगरी में आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नामित किया गया है। इसके अलावा जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को भी नॉमिनेशन मिला है। वहीं महिलाओं में स्मृति मंधाना सितंबर महीने के इस अवॉर्ड की रेस में हैं।
इतना ही नहीं, अभिषेक शर्मा ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी नया रिकॉर्ड बनाया। उनकी रेटिंग अब 931 हो गई है, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक की सबसे उच्च रेटिंग है। यह उपलब्धि उनके अद्भुत प्रदर्शन की गवाही है और आने वाले समय में उनकी रेटिंग और बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है।
नॉमिनेशन सूची में कुलदीप यादव का नाम भी शामिल है। उन्होंने एशिया कप में 17 विकेट लेकर विपक्षी टीमों को खासा परेशान किया। उनका इकॉनमी रेट 6.27 रहा। यूएई के खिलाफ उन्होंने केवल सात रन देकर चार विकेट लिए, जबकि फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 30 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।
तीसरे नॉमिनेशन में शामिल हैं जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट। उन्होंने सितंबर में लगातार प्रदर्शन करते हुए 497 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 55.22 और स्ट्राइक रेट 165.66 रहा।









