भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बार फिर सुरक्षा बलों को सतर्क होना पड़ा। सीमा के पास बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने 75 ज़िंदा कारतूस और एक पिस्टल का स्लाइडर बरामद किया है। मामले के खुलासे के बाद विभिन्न थानों में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, नौशहरा ढाला गांव के खेतों में एक प्लास्टिक की बोतल मिली, जिसे खोलने पर उसमें से पिस्टल का स्लाइडर बरामद हुआ। बताया गया है कि यह बोतल ड्रोन की मदद से भारतीय क्षेत्र में छोड़ी गई थी। इस मामले की जांच सराय अमानत खां थाने की पुलिस कर रही है।
साथ ही, खालड़ा थाने और बीएसएफ की संयुक्त तलाशी के दौरान राजोके गांव के खेतों में एक पैकेट भी मिला। इसमें 9 एमएम के 75 ज़िंदा कारतूस पाए गए, जिन पर पाकिस्तान की मुहर लगी हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि ये कारतूस ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में भेजे गए और यह पाकिस्तान द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश का हिस्सा है।









