फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में शुक्रवार को रिक्टर पैमाने पर 7.6 तीव्रता का भीषण भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। प्रशासन ने समुद्र तट के पास रहने वाले लोगों से तुरंत ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। चूंकि यह झटका समुद्र तट के नजदीक आया, इसलिए समुद्र में तेज हलचल की संभावना जताई जा रही है, जो सुनामी का रूप ले सकती है।
Philippine Institute of Volcanology and Seismology (Phivolcs) ने बताया कि स्थानीय डेटा के आधार पर लहरें सामान्य ज्वारीय स्तर से एक मीटर या उससे अधिक ऊंचाई तक उठ सकती हैं। कुछ संकीर्ण खाड़ियों और जलमार्गों में इनकी ऊंचाई इससे भी ज्यादा हो सकती है।
एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगले दो घंटे में सुनामी की लहरें तटों से टकरा सकती हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं। प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा है और नागरिकों से सरकारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
यूएस सुनामी वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में जानलेवा सुनामी की आशंका है। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है।
यूरोपीय-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, भूकंप की गहराई लगभग 62 किलोमीटर (38.5 मील) थी। Phivolcs ने यह भी कहा है कि आफ्टरशॉक्स (भूकंप के झटके) आने की संभावना बनी हुई है। एजेंसी ने अनुमान लगाया है कि पहली सुनामी लहरें 10 अक्टूबर 2025 को सुबह 9:43 से 11:43 (PST) के बीच तटीय क्षेत्रों तक पहुंच सकती हैं और ये लहरें कई घंटों तक जारी रह सकती हैं।
स्थानीय प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है। राहत एवं बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं और सभी आपातकालीन सेवाएं सतर्क हैं।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही फिलीपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 74 लोगों की मौत हो गई थी और कई ऐतिहासिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
इसके अलावा, एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में भी 5.4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के अनुसार, यह भूकंप 30.84° उत्तरी अक्षांश और 99.86° पूर्वी देशांतर पर, 10 किलोमीटर गहराई में आया था। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।









