कैरेबियन देश जमैका इस वक्त सदी के सबसे भीषण तूफान ‘मेलिसा’ (Hurricane Melissa) की चपेट में है। सोमवार रात यह तूफान जमैका के दक्षिणी तट से टकराया, जिसकी रफ्तार करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटा (185 mph) तक दर्ज की गई। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने इसे “सदी का सबसे ताकतवर हरिकेन” बताया है।
अब तक जमैका में 3, हैती में 3 और डोमिनिकन रिपब्लिक में 1 व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं और हजारों बेघर हो चुके हैं। तूफान के कारण जमैका, हैती और क्यूबा के कई हिस्सों में भारी तबाही की खबरें हैं।
भारी तबाही और जनहानि: बिजली, संचार और परिवहन ठप
जमैका की राजधानी किंग्सटन में कई अस्पतालों की छतें उड़ गईं और बिजली व मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गए। पूरे देश में राष्ट्रीय आपदा आपातकाल (National Disaster Emergency) घोषित कर दिया गया है।
सभी एयरपोर्ट बंद हैं, सार्वजनिक परिवहन निलंबित कर दिया गया है, और किंग्सटन, सेंट एलिजाबेथ व क्लैरेंडन जैसे जिलों में अनिवार्य निकासी आदेश जारी किए गए हैं।
अब तक क्यूबा में लगभग 6 लाख और जमैका में 28 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। करीब 800 राहत शिविर सक्रिय किए गए हैं।
PM एंड्रयू होलनेस: “पूरे देश को घोषित किया गया आपदा क्षेत्र”
जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने देश को “Disaster Area” घोषित करते हुए कहा कि मेलिसा के विनाशकारी प्रभाव अभी पूरी तरह सामने नहीं आए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले कुछ घंटे बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
“पूरे देश में नुकसान का आकलन सूरज उगने के बाद ही किया जा सकेगा। शुरुआती रिपोर्टों से साफ है कि घरों, अस्पतालों और सड़कों को गंभीर क्षति पहुंची है,” — प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस
24 घंटे में कैटेगरी-5 तूफान में तब्दील हुआ ‘मेलिसा’
तूफान मेलिसा ने शनिवार को 120 किमी/घंटा की रफ्तार से शुरूआत की थी, लेकिन सिर्फ 24 घंटे में इसकी स्पीड दोगुनी से ज्यादा हो गई।
रविवार रात यह 225 kmph, और सोमवार को 260 kmph की रफ्तार के साथ कैटेगरी-5 हरिकेन बन गया — जो तूफानों की सबसे खतरनाक श्रेणी है।
इस स्तर की हवाएं कंक्रीट की इमारतों को भी गिरा सकती हैं, पेड़ों को उखाड़ देती हैं और समुद्र में कई मीटर ऊंची लहरें उठाती हैं। तटीय इलाकों में भारी बाढ़ और ज्वारीय लहरों से तबाही की आशंका है।
2025 में अब तक चार कैटेगरी-5 हरिकेन दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें ‘मेलिसा’ सबसे शक्तिशाली माना जा रहा है।









