-संभाग की कार्यकर्ता नहीं करेंगी योजना का काम
अर्जुन झा/जगदलपुर। महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों के वेरीफिकेशन कार्य में हुई मामूली चूक ने एक महतारी की नौकरी ही छीन ली। साधारण गलती के चलते बस्तर संभाग की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नौकरी से हटा दिया गया है। इससे नाराज तथा योजना की फोटो कैप्चरिंग में आ रही दिक्कतों से परेशान बस्तर संभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने फोटो कैप्चरिंग का कार्य करने से इंकार कर दिया है।
इस मसले को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की संभाग स्तरीय बैठक हुई। बैठक में संघ की सभी जिला ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहीं। बैठक में निर्णय लिया गया कि महतारी वंदन योजना का कोई काम नहीं करेंगे। क्योंकि हमारी एक बहन को बिना गलती के बर्खास्त किया गया है। इस बाबत महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को परियोजना अधिकारियों के माध्यम से पत्र भी प्रेषित किया गया है। संघ की पदाधिकारी रुक्मणि सज्जन ने बताया है कि महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों की फोटो कैप्चरिंग के कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी असुविधा हो रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों का फोटो कैप्चर कर सत्यापन करने हेतु निर्देश प्राप्त हुआ है। इस संबंध में विभाग द्वारा विस्तृत मैन्युअल भी प्रेषित किया गया है। परंतु संचनालय से जारी पत्र के अनुसार यह कार्य सीएससी के माध्यम से किया जाना है जिसके लिए संभाग अनुसार तिथि भी तय की गई है। चॉइस सेंटर के माध्यम से थंब इंप्रेशन के द्वारा ई केवाईसी कराया जाना है। इसके लिए सीएससी को आदेश भी दिया गया है। इसके बावजूद इस कार्य हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर मौखिक दबाव बनाया जा रहा है। इस कार्य के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कई प्रकार की व्यवहारिक और तकनीकी कठिनाइयों व असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। महतारी वंदन योजना का कार्य निष्ठापूर्वक करने के बावजूद बस्तर ब्लॉक की कार्यकर्ता वेदमती जोशी को एक छोटी सी त्रुटि की भरपाई अपनी नौकरी गंवा कर करनी पड़ी है। आज तक उसकी बहाली नहीं की गई। जबकि उसके परिवार में उसके सिवा कोई और नहीं जो परिवार चला सके। नौकरी पर उसकी वापसी होनी चाहिए वरना इतने भयग्रस्त स्थिति में कोई भी कार्यकर्ता यह कार्य नहीं करेगी। इसके अलावा गांवों में नेटवर्क की समस्या के कारण फोटो कैप्चर प्रक्रिया सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है।
महतारी वंदन योजना में हितग्राही की फेस कैप्चरिंग के बारे में आज तक कोई प्रशिक्षण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नहीं दिया गया है तथा उस ऐप में इंग्लिश भाषा का अत्यधिक प्रयोग हुआ है। जिसके कारण कार्यकर्ताए समझने में सक्षम नहीं हैं।अपने मूल कार्य को बाधित कर अतिभार के इस कार्य को निष्ठापूर्वक करने हेतु कार्यकर्ताओं को एक सम्मान राशि, इनसेंटिव राशि मिलनी चाहिए तथा मोबाइल उपयोग हेतु नेट रिचार्ज हेतु भी हमको कोई राशि नहीं दी जाती। अत्यधिक कार्यभार के कारण अन्य नियमित गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। केंद्र में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति नगण्य हो रही है, जिसके कारण वे 3 से 6 वर्ष के बच्चों को समय नहीं दे पा रही हैं। सबसे मुख्य बिंदु यह की ई केवाईसी के पश्चात यदि उस हितग्राही का नाम महतारी वंदन की सूची से कट जाए तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके कार्य क्षेत्र में समन्वय बनाकर चलना कठिन हो सकता है।हितग्राहियों के चिन्हांकन में बहुत ज्यादा कठिनाई आ रही है। चूंकि पब्लिक आईडी एवं सचिव की आईडी से भी फॉर्म भरे गए हैं। आंगनबाड़ी क्षेत्र अनुसार बिल्कुल भी नहीं है जिसके कारण बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा। इन समस्याओं और कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को करने के लिए हमे बाध्य न करने का आग्रह जिला कार्यक्रम अधिकारी से किया गया है।









