बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
धर्मांतरण की आशंका पर बस्तर में विरोध तेज, नानगुर सभा रद्द करने की मांग
जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2025।
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व आदिवासी समाज ने आज संयुक्त रूप से जगदलपुर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नानगुर क्षेत्र में प्रस्तावित ईसाई मिशनरियों की बाइबल प्रचार प्रसार सभा पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। संगठनों ने कहा कि नानगुर क्षेत्र पेशा कानून लागू क्षेत्र है, जहाँ बिना ग्रामसभा की अनुमति के किसी भी प्रकार का बाहरी धार्मिक या प्रचारात्मक आयोजन कानूनन प्रतिबंधित है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्रामसभा द्वारा पूर्व में देवी-देवताओं की आस्था और स्थानीय परंपराओं की रक्षा हेतु ऐसे आयोजनों का विरोध किया गया था। इसके बावजूद मिशनरियों द्वारा 1 से 3 नवम्बर तक प्रचार सभा आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जो न केवल पेशा कानून का उल्लंघन है बल्कि इसमें धर्मांतरण के छिपे उद्देश्य की भी आशंका जताई गई है। संगठनों का कहना है कि ऐसे आयोजन से क्षेत्र की धार्मिक एकता, परंपरागत संस्कृति और सामाजिक सौहार्द को गंभीर क्षति पहुँच सकती है।
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व आदिवासी समाज ने जिला प्रशासन से यह मांग की है कि उक्त सभा पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र में शांति एवं पारंपरिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी की जाए।











