रायपुर-
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ पर राजधानी नवा रायपुर देशभक्ति और रोमांच के रंगों में रंगने जा रहा है। भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) 5 नवंबर की सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से आसमान को रंग देगी।
इस अवसर पर दर्शक ‘हार्ट-इन-द-स्काई’, ‘बॉम्ब बर्स्ट’ और ‘एरोहेड फॉर्मेशन’ जैसे शानदार स्टंट्स देखकर रोमांचित हो उठेंगे। वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और टीमवर्क का यह प्रदर्शन राज्य स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण होगा।
अधिकारियों ने स्थल तैयारियों का लिया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संभागायुक्त महादेव कावरे, आईजी अमरेश मिश्रा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने नवा रायपुर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया।
उन्होंने पार्किंग, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, प्रसाधन व अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
भारतीय वायुसेना की टीम द्वारा 4 नवंबर को रिहर्सल (पूर्वाभ्यास) किया जाएगा, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दिन सब कुछ सटीक और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।
रजत जयंती पर राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा शो
छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित यह एरोबैटिक शो राज्य की प्रगति और आत्मविश्वास का प्रतीक होगा। जब सूर्यकिरण के विमान नवा रायपुर के आकाश में उड़ान भरेंगे, तब हर दिशा में गर्व और देशभक्ति की भावना उमड़ पड़ेगी।
यह आयोजन न केवल नागरिकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा — यह दर्शाता हुआ कि अनुशासन, तकनीक और टीमवर्क से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
हजारों दर्शकों की उमड़ेगी भीड़
रायपुर सहित आसपास के जिलों से हजारों लोग, विद्यार्थी और परिवार इस अद्भुत प्रदर्शन को देखने नवा रायपुर पहुंचेंगे। यह आयोजन जनसहभागिता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनकर छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को ऐतिहासिक बना देगा।
इस मौके पर एनआरडीए सीईओ चंदन कुमार, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









