रायपुर-
राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने दोस्ती को खून में बदल दिया। शनिवार को एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी।
हत्या की वजह हैरान करने वाली है — आरोपी को विश्वास था कि उसका दोस्त जादू-टोना कर उसे नुकसान पहुंचा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
सपने में धमकी मिलने का दावा, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम कुमार ध्रुव (निवासी छछानपैरी) और आरोपी की पहचान संजय नेताम के रूप में हुई है।
संजय ने पुलिस को बताया कि उसे कई दिनों से रात में सपने आते थे, जिनमें श्याम उसे मारने की धमकी देता था। इसी अंधविश्वासी डर के चलते उसने श्याम को खत्म करने की ठान ली।
शनिवार दोपहर लगभग 11:30 बजे, संजय श्याम के घर पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। विवाद बढ़ते ही उसने श्याम को जमीन पर गिराकर जेब से चाकू निकाला और पेट में कई वार कर दिए। वार इतने गहरे थे कि उसकी आंतें बाहर निकल आईं। घायल अवस्था में श्याम को परिजन आंबेडकर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जादू-टोने के शक ने दोस्ती तोड़ दी थी
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ समय से संजय को यह शक था कि श्याम उस पर जादू-टोना कर रहा है।
कथित रूप से श्याम से मिलने के बाद संजय के काम बिगड़ जाते थे, जिससे वह और अधिक संदेह में पड़ गया। एक महीने पहले भी दोनों के बीच इसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने सुलझा दिया था।
इसके बाद से दोनों की दोस्ती टूट गई और संजय, श्याम से दूरी बनाने लगा। इतना ही नहीं, वह झाड़-फूंक कराने तक जाने लगा ताकि अपने ऊपर के “जादू” को खत्म कर सके।
हत्या की योजना पहले से बनाई थी
पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि संजय ने कुछ दिनों से श्याम की हत्या की योजना बना रखी थी। वह लगातार यह सोच रहा था कि अगर उसने श्याम को नहीं मारा तो वह खुद मारा जाएगा।
इस मानसिक भ्रम और अंधविश्वास ने आखिरकार उसे एक निर्दोष जान लेने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय नेताम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला अंधविश्वास और मानसिक भ्रम से जुड़ा हुआ है, और ऐसे मामलों से समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।









