छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में हाथियों का एक दल हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, ग्राम हरदी में सोमवार की रात चार हाथी खेत में बने खुले कुएं में गिर गए, जिनमें एक शावक भी शामिल है। ग्रामीणों ने हाथियों की चिंघाड़ सुनकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
मंगलवार सुबह सात बजे से वन विभाग की टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तीन हाथियों को कई घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक हाथी को बाहर निकालने का प्रयास अभी भी जारी है।
परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा ने बताया कि कुआं बिना जगत (घेरा) का था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। रात के समय खेतों में घूम रहे हाथी अंधेरे में कुएं को नहीं देख पाए और उसमें जा गिरे।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले 15 से 20 दिनों से हाथियों का यह दल बारनवापारा और आसपास के गांवों में लगातार घूम रहा है। इसी दल ने कुछ दिन पहले दीपावली के दिन ग्राम हरदी के वृद्ध किसान कनकु राम पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के दल से दूर रहने की अपील की है, जबकि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।









