Home चर्चा में धूर पंचायत में विकास की जगह धांधली बिना काम के उड़ाए साढ़े...

धूर पंचायत में विकास की जगह धांधली बिना काम के उड़ाए साढ़े तीन लाख रुपये, जहां ग्राम विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार की गूंज, कागजों पर काम — जमीन पर धोखा………….

12
0

सूरजपुर संवाददाता – लव कुमार दुबे 

सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत ओड़गी के ग्राम पंचायत धूर में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां 15वें वित्त आयोग की राशि से बिना कोई काम किए ₹3.53 लाख रुपये निकाल लिए गए। पंचायत में सीसी रोड, नहानी घर और हैंडपंप निर्माण के नाम पर राशि स्वीकृत हुई, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। फर्जी फोटो अपलोड कर ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार की गई और भुगतान निकाल लिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत भवन मरम्मत और नाली निर्माण कार्यों में भारी हेराफेरी की गई। सादा बिल और झूठी तस्वीरों से फर्जी भुगतान किया गया। कुल 3,53,200 रुपये की राशि का आहरण बिना कार्य के किया गया, जो सरपंच और सचिव के बीच बंटने का आरोप है।

जब पंच हीरामणी नगेसिया और अन्य ने अनियमितताओं पर सवाल उठाए, तो सरपंच भड़क उठीं। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने खुलेआम कहा कि मैं भाजपा की महामंत्री और सरपंच हूं, जो मन में आएगा वही करूंगी, पांच साल तक मैं रानी हूं। विरोध करने वालों को धमकाया गया और मारपीट की कोशिश तक हुई।

ग्रामीणों ने कहा कि जनता के विकास का पैसा निजी ऐशो-आराम में उड़ाया जा रहा है। उन्होंने सरपंच और सचिव के खिलाफ कड़ी जांच और कार्रवाई की मांग की है। यह मामला सार्वजनिक धन की खुली लूट और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कलंक है।

जनपद पंचायत ओड़गी के सीईओ नीलेश सोनी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धूर पंचायत का यह मामला सिर्फ एक पंचायत की कहानी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर सवाल है जो गांव के विकास की रीढ़ मानी जाती है। जब जिम्मेदारी की जगह अहंकार और पारदर्शिता की जगह राजनीति हावी हो जाए, तो विकास सिर्फ फोटो और फाइलों तक सीमित रह जाता है।

जनता का विश्वास तभी लौटेगा जब सच्चाई उजागर कर दोषियों को सजा दी जाएगी, वरना यह सवाल हमेशा गूंजता रहेगा कि जब विकास के पैसे से भ्रष्टाचार पनपता है, तो गांव कैसे आगे बढ़ेगा?

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here