Home चर्चा में सीएमडीसी को दे दिया शिव मंदिर समिति का सामुदायिक भवन

सीएमडीसी को दे दिया शिव मंदिर समिति का सामुदायिक भवन

10
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा 

= समिति ने जताया विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन =
-मुर्गेश कुमार- भोपालपटनम। बीजापुर जिले की भोपालपटनम नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में स्थित सामुदायिक भवन के आवंटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय शिव मंदिर समिति ने इस भवन को छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीएमडीसी) को कार्यालय उपयोग हेतु 5 वर्ष की अवधि के लिए दिए जाने के आदेश का विरोध करते हुए कलेक्टर बीजापुर के नाम ज्ञापन एसडीएम भोपालपटनम को सौंपा है।
समिति का कहना है कि यह सामुदायिक भवन लगभग 25 वर्ष पहले नगरवासियों के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए बनाया गया था। तब से लेकर अब तक इस भवन में शादी-विवाह, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों की बैठकों जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहे हैं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त भवन शिव मंदिर समिति की स्वामित्व भूमि पर निर्मित है, जो खसरा नंबर 249/2, रकबा 0.51 डिसमिल में दर्ज है। यह भूमि राजस्व अभिलेखों में अध्यक्ष, शिव मंदिर समिति के नाम पर दर्ज है। समिति ने स्पष्ट किया कि यह भूमि नगरवासियों की सुविधा और धार्मिक उपयोग हेतु प्रदान की गई थी, इसलिए इसका सरकारी कार्यालय के रूप में उपयोग करना अनुचित है। समिति अध्यक्ष कमल सिंह कोर्राम ने कहा कि यह भवन नगर का एकमात्र सामुदायिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का केंद्र बिंदु है। इसके पास ही प्रसिद्ध शिव मंदिर स्थित है, जहां हर वर्ष महाशिवरात्रि मेला महोत्सव का आयोजन होता है, जिसमें इसी भवन का उपयोग प्रमुख रूप से किया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा सामुदायिक भवन का आवंटन आदेश निरस्त नहीं किया गया, तो नगरवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति अध्यक्ष कमल सिंह कोर्राम, गट्टू सुधाकर, आनकारी सुधाकर, राजा राम सोनी, तेजनारायण सिंह, मुरलीधर जी., उमेश पी., आनंद श्रीनिवास कोलकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here