रघुराज/रायपुर। राजधानी के व्यस्त घड़ी चौक इलाके में 6 नवंबर की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमगा से आए पांच युवकों की कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सीधे घड़ी चौक स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन अन्य युवकों को भी सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक सिमगा के रहने वाले हैं और अपने एक मित्र का जन्मदिन मनाने रायपुर आए थे। वे शुरू में एक ड्राइवर के साथ रायपुर पहुंचे थे, लेकिन हादसे से करीब पौन घंटे पहले उन्होंने ड्राइवर को शहर में ही उतार दिया और खुद ड्राइव करते हुए शहर घूमने निकल पड़े। देर रात तक उन्होंने विभिन्न जगहों का भ्रमण किया और इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज गति से घड़ी चौक की ओर बढ़ रही थी तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे लक्ष्मी मेडिकल स्टोर में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के बाहर की दीवार और शटर क्षतिग्रस्त हो गए। वाहन बगल की छोटी दीवार से टकराकर वापस रोड पर खड़ी हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँचकर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और कार को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार और ड्राइविंग के दौरान लापरवाही हादसे की वजह बनी।









