संवाददाता – निलेश सिंह
अकलतरा:
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नशा मुक्ति जागरूकता का विशेष अभियान कार्यक्रम ग्राम कोटमीसोनार एवं थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम कटौद में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सबरिया एवं धनुवार समाज के लोग—महिलाएं, पुरुष और बच्चे—बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को कॉपी, पेन और पुस्तकें वितरित कीं तथा नशामुक्त जीवन के संकल्प के लिए प्रेरित किया। सबरिया व धनुवार समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से शराब नहीं बनाने और न बेचने की शपथ ली। पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों तथा उससे होने वाले सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में लोगों को विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक पाण्डेय की पहल से जिले में सामाजिक पुलिसिंग की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई दे रही है। सबरिया समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के प्रयास अब फल देने लगे हैं। समाज के लोग स्वयं अवैध शराब बिक्री से दूरी बना रहे हैं और वैकल्पिक आजीविका की ओर अग्रसर हैं। महिलाओं को भी बिहान समूह से जोड़ा गया है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जब समाज का कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर होगा, तब किसी भी प्रकार के अवैध कार्यों में उसकी संलिप्तता स्वतः समाप्त हो जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिक्षा ही असली शक्ति है—जो बच्चे सही शिक्षा प्राप्त करते हैं, वे कभी भी अपराध की राह पर नहीं चलते। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब निर्माण व बिक्री जैसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील:
अवैध शराब की बिक्री एक गंभीर अपराध है।
प्रत्येक नागरिक समाज के हित में पुलिस का सहयोग करें।
अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने को सूचित करें।
इस मौके पर SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, निरीक्षक कमलेश सेंडे, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार प्रभारी ASI राजेंद्र सिंह, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सबरिया/धनुवार समाज के सदस्य उपस्थित रहे।









