Home कोरबा सुसकी चोरी से परेशान मां ने बेटे और उसके दोस्त के खिलाफ...

सुसकी चोरी से परेशान मां ने बेटे और उसके दोस्त के खिलाफ की पुलिस में शिकायत, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

28
0
कोरबा संवाददाता – रवि चौहान
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी बंद फाटक के पास की बस्ती में रहने वाली पीर रोहिदास पति स्वर्गीय लबारु दास अपने दो बेटों के साथ निवास करती हैं। वह शहर के बाजारों में घूम-घूमकर सुसकी और चिंगरी बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
शुक्रवार को वह मानिकपुर बाजार में सुसकी बेचने गई थीं। वापस आने के बाद उन्होंने सुसकी कमरे में रख दी और घर के काम में लग गईं। कुछ देर बाद जब उन्होंने देखा तो सुसकी गायब थी। घरवालों से पूछने पर किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। परेशान होकर महिला सीधे मानिकपुर चौकी पहुंचीं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने बताया कि घर से पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है, और उसे शक था कि उसका छोटा बेटा ही चोरी कर रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि उसका छोटा बेटा राजा रोहिदास (25 वर्ष) चोरी कर अपने दोस्तों के साथ पार्टी करता था और शराब पीता था। पूछताछ में राजा ने स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त शिवकुमार यादव के साथ मिलकर सुसकी चोरी की और उसे बेचकर शराब पी।
जानकारी के अनुसार, राजा रोहिदास ट्रेन में घूम-घूमकर बूट पॉलिश का काम करता है और शराब पीने का आदी है, वहीं शिवकुमार यादव राजमिस्त्री है और वह भी शराब का आदी बताया गया है।
इस मामले में मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसई कुलदीप तिवारी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126, 135/3 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां जमानत न मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मानिकपुर चौकी में एक महिला ने अपने बेटे और उसके साथी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि वे घर का सामान चोरी कर बेच देते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here