टी20 विश्व कप 2026 यानी अगले साल होना है. इसकी तैयारी जोरों पर है. अभी तक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, लेकिन इतना तय है कि यह भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा. टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ये विश्व कप खेलने उतरेगी. अब सवाल ये है कि आखिर फाइनल स्क्वाड कैसा होगा? इन खिलाड़ियों को जगह मिलेगी और किनका पत्ता कटेगा? इन सवालों का जवाब सेलेक्टर्स के पास है. लेकिन इससे पहले मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम चुनी है. उन्होंने 4 खिलाड़ियों को जगह नहीं दी.
हर्षा भोगले ने अपने स्क्वाड में कुछ स्टार खिलाड़ियों को जगह नहीं दी. इनमें यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा का नाम है. भोगले ने अपनी टीम का ऐलान क्रिकबज के एक शो के दौरान किया. उन्होंने टीम सलेक्शन के पीछे की सोच और कारण पर खुलकर बात की.
यशस्वी की जगह ओपनिंग में उन्हें अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल बेहतर कॉम्बिनेशन लगे. विकेटकीपर के तौर पर उनकी पसंद हैं संजू सैमसन और जितेश शर्मा, इसलिए ऋषभ पंत बाहर हो गए. उन्हें पूरा भरोसा है कि टी20 विश्व कप 2025 तक हार्दिक पंड्या की वापसी कर लेंगे, इसलिए नितीश रेड्डी को भी जगह नहीं दी. वहीं हर्षित राणा को इसलिए नहीं चुना गया, क्योंकि हर्षा का मानना है कि भारतीय पिचों पर दो तेज गेंदबाज काफी हैं, बाकी भूमिका हार्दिक निभा सकते हैं.
हर्षा ने ओपनर के लिए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल को चुना है. मिडिल ऑर्डर में कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा संजू सैमसन (विकेटकीपर) और जितेश शर्मा (विकेटकीपर) का नाम है. रिंकू सिंह को एक्सट्रा बैटर के तौर पर रखा गया है.









