रायपुर –
राजधानी में ISIS से जुड़े 3 संदिग्धों को रायपुर पुलिस और ATS ने हिरासत में लिया है. एटीएस को तीनों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद रायपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की है. एटीएस के अधिकारी संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं. एटीएस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों अरोपी किस घटना को अंजाम देने के फिराक में थे.
वहीं ATS की कार्रवाई पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि एक लंबी जांच के बाद ATS को बड़ी सफलता मिली है. ATS ने ISIS से जुड़े 3 संदिग्धों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया है. रायपुर के दो युवा ISIS के लिए काम कर रहे थे. पाकिस्तान के मॉड्यूल पर काम कर रहे थे. सोशल मीडिया में दोनों युवा एक्टिव थे. पाकिस्तान में सक्रिय लोगों से सम्पर्क में थे और उनके मार्गदर्शन में सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को प्रभावित कर रहे थे. गृहमंत्री शर्मा ने कहा, एटीएस की टीम को बढ़ाकर ISIS संस्था से जुड़े हर एक लोगों को चिन्हांकित करके कार्रवाई करेंगे.
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान स्थित इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) मॉड्यूल भारत में साजिश रच रहा था. फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भारतीय युवाओं को शिकार बनाया जा रहा था. आरोपियों के पास से एटीएस को कट्टरपंथी ऑडियो और वीडियो मैसेज मिले हैं. बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीन लोगों में दो नाबालिग हैं. दोनों किशोरों की पहचान कर ली गई है.









