बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के परिवार का किया सम्मान =
= कांग्रेस ने हमेशा जनजाति वर्ग का अपमान किया =
जगदलपुर। बस्तर संभाग के युवा आदिवासी नेता एवं छत्तीसगढ़ शासन के वन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए की सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजाति समुदाय के लिए आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक सहित सभी क्षेत्रों में समुचित विकास कार्य कर रही है। श्री कश्यप ने जनजाति समाज को उपेक्षित कर लगातार अपमानित करने के लिए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप, जो स्वयं आदिवासी तबके से हैं, ने कहा है कि 15 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदीजी ने देश को जनजाति गौरव दिवस घोषित कर जनजाति समुदाय को बड़ी सौगात दी है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे देश में जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडाजी की जयंती के अवसर पर लगातार महीनेभर कार्यक्रम चल रहा है। हमारे उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व महान विभूतियों को याद किया जा रहा है, जिन्होंने समाज, संस्कृति, देश व मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। जनजाति समाज की उपेक्षा व अपमान के लिए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों का अपमान करती आई है और अब भी कर रही है। आज पूरे देश से कांग्रेस ने आदिवासियों को नेतृत्व के अवसरों से वंचित कर दिया है। कांग्रेस कभी आदिवासियों को आगे बढ़ना नहीं देना चाहती, इसीलिए कांग्रेस के पास आज आदिवासी नेतृत्व नहीं है। जबकि सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भाजपा ने जनजाति समुदाय को विशेष महत्व दिया। आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुशोभित कर रही हैं। यह हम सबके लिए हर्ष का विषय है कि आगामी 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में उनका आगमन हो रहा है। इसी जनजाति गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 19 और 20 तारीख को कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी व मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में आज जनजाति समुदाय के लिए अनेक विकास व कल्याणकारी कार्य चल रहे हैं। आदि आदर्श ग्राम योजना, पीएम जनमन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजनाओं का जिक्र कर श्री कश्यप ने कहा कि अनेक माध्यमों से पार्टी ने जनजाति समुदाय को लाभ देने का कार्य किया है। एक ओर प्रधानमंत्री श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा के परिवार के साथ गौरव दिवस मनाकर उनका सम्मान कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री श्री साय वीर बलिदानी गुंडाधुर के परिवार के साथ जनजाति गौरव दिवस का मंच साझा कर रहे हैं। यह बताता है कि भाजपा आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रतिबद्ध है।










