बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
भाजपा आदिवासियों की हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध: महेश कश्यप
जगदलपुर। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा है कि जनजाति समाज को पूरे मानव समाज में उचित सम्मान और अधिकार केवल भाजपा की सरकार ने दिया है। भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजाति समुदाय के लिए आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक सहित सभी क्षेत्रों में समुचित विकास कार्य कर रही है। सांसद श्री कश्यप ने जनजाति समाज को उपेक्षित कर लगातार अपमानित करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा।
.भाजपा जिला कार्यालय में आज बुधवार को आहूत पत्रवार्ता में बस्तर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद महेश कश्यप ने कहा कि 15 नवंबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश को जनजाति गौरव दिवस की सौगात दी है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे देश में जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर लगातार महीने भर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। हमारे जनजाति समाज के उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व महान विभूतियों को याद किया जा रहा है, जिन्होंने समाज, संस्कृति, देश व मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। जनजाति समाज की उपेक्षा व अपमान के लिए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सांसद श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों का अपमान करती आई है और आज भी कर रही है। आज पूरे देश से कांग्रेस ने आदिवासियों को नेतृत्व के अवसरों से वंचित कर दिया है। कांग्रेस नेतृत्व की मंशा है कि वह आदिवासियों को आगे बढ़ना नहीं देना चाहती इसीलिए कांग्रेस के पास आज आदिवासी नेतृत्व नहीं है जबकि सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने जनजाति समुदाय को विशेष महत्व दिया। आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुशोभित कर रही हैं। यह हम सबके लिए हर्ष का विषय है कि 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में उनका आगमन हो रहा है। इसी जनजाति गौरव दिवस के उपलक्ष्य में ही कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी व मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में आज जनजाति समुदाय के लिए अनेक विकास व कल्याणकारी कार्य चल रहे हैं। आदि आदर्श ग्राम योजना, पीएम जनमन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजनाओं का जिक्र कर श्री कश्यप ने कहा कि अनेक माध्यमों से पार्टी ने जनजाति समुदाय को लाभ देने का कार्य किया है। एक ओर प्रधानमंत्री श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा के परिवार के साथ गौरव दिवस मनाकर उनका सम्मान कर रहे हैं, वहीं प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री श्री साय वीर बलिदानी गुंडाधुर के परिवार के साथ जनजाति गौरव दिवस का मंच साझा कर रहे हैं। जो यह बताता है कि भाजपा आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। देश के दस आदिवासी बहुल राज्यों में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विरासत को संरक्षित करने और उनके योगदान को आमजन तक पहुंचाने के लिए संग्रहालयों का निर्माण किया जा रहा है। पत्रवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, जिला पंचायत सदस्य कामदेव बघेल उपस्थित थे।









